बंगाणा (ऊना)। ग्रामीण महिलाओं एवं युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एम3एम फाउंडेशन (M3M Foundation) ने पायल@40 अभियान के अंतर्गत बंगाणा ब्लॉक में गोविंद सागर ब्लॉक लेवल फेडरेशन के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत थाना कलां में ग्रामीण आजीविका केंद्र (आरएलसी) के संचालन हेतु किया गया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों को संगठित प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण एवं आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना है। इसके साथ ही ग्रामीण युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा देकर उन्हें रोजगारोन्मुखी बनाया जाएगा।
इस साझेदारी से क्षेत्र के 800 से अधिक लाभार्थियों को प्रशिक्षण कार्यक्रमों, आजीविका संवर्धन गतिविधियों एवं कौशल विकास पहलों का लाभ मिलने की संभावना है, जिससे उनकी आय में वृद्धि एवं स्थायी आजीविका सुनिश्चित हो सकेगी।
इस अवसर पर एम3एम फाउंडेशन की चेयरपर्सन डा. पायल कनोदिया ने कहा कि पायल@40 केवल एक पहल नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सतत आजीविका सुनिश्चित करने की एक सशक्त प्रतिबद्धता है। बनारस से आरंभ हुआ यह कार्यक्रम देशभर में हजारों महिलाओं को सशक्त बना रहा है और बंगाणा जैसे क्षेत्रों में यह साझेदारी सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन का मजबूत आधार बनेगी।
M3M फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. ऐश्वर्या महाजन ने अपने संबोधन में कहा कि यह साझेदारी जमीनी स्तर पर संस्थाओं को सुदृढ़ करते हुए कौशल आधारित आजीविका के अवसरों को बढ़ाएगी, जिससे सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सभी अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों का आभार भी व्यक्त किया।
खंड विकास अधिकारी किशोरी लाल वर्मा एवं बीएलएफ अध्यक्ष रजनी देवी ने एम3एम फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग स्वयं सहायता समूहों एवं ग्रामीण युवाओं की क्षमता को सशक्त करेगा तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करेगा।
यह एमओयू बंगाणा ब्लॉक, जिला ऊना में समग्र ग्रामीण विकास को गति देने और ग्रामीण परिवारों के लिए सतत आजीविका के अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
इस पहल के अंतर्गत एम3एम फाउंडेशन आगामी तीन वर्षों में बंगाणा ब्लॉक की 2,500 से अधिक महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी किशोरी लाल वर्मा, एम3एम फाउंडेशन के प्रतिनिधि जावेद मीर एवं ऋषि भटनागर सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।
Also Read in English: M3M Foundation Signs MoU with GovindSagar Block Level Federation to Empower Rural Women and Youth under “Payal@40”
