जिंक स्मेल्टर देबारी के CSR कार्यों से ग्रामीण विकास को नई रफ्तार, गोवला पुटिया में सीसी सड़क का भूमि पूजन
उदयपुर (राजस्थान)। हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड की जिंक स्मेल्टर देबारी इकाई द्वारा आसपास के गांवों में किए जा रहे सामुदायिक विकास कार्यों से ग्रामीण अंचलों की तस्वीर बदल रही है। मावली विधायक पुष्कर लाल डांगी ने सराहना करते हुए कहा कि कंपनी के सहयोग से गांवों की दशा और दिशा दोनों में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
रविवार को ग्राम पंचायत जिंक स्मेल्टर के अंतर्गत गोवला पुटिया गांव में सीसी सड़क निर्माण कार्य के भूमि पूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए विधायक डांगी ने यह बात कही।
बुनियादी सुविधाओं में मिल रहा सहयोग
विधायक पुष्कर डांगी ने कहा कि सड़क, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों में हिन्दुस्तान जिंक का सहयोग ग्रामीणों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि जब उद्योग और समाज साथ मिलकर कार्य करते हैं, तभी वास्तविक और स्थायी विकास संभव होता है।
उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे हिन्दुस्तान जिंक के साथ सकारात्मक और मजबूत संबंध बनाए रखें, ताकि भविष्य में भी इसी प्रकार के विकास कार्य निरंतर जारी रह सकें।
CSR और वेलफेयर कार्य बने प्रेरणा
कार्यवाहक अध्यक्ष मांगीलाल अहीर ने कहा कि हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) और वेलफेयर के तहत किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। शिक्षा, पेयजल और आधारभूत निर्माण कार्यों में कंपनी का योगदान विकास की मजबूत नींव रख रहा है।
महामंत्री प्रकाश श्रीमाली ने कहा कि इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) हमेशा जनहित और श्रमिक कल्याण के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान जिंक के सहयोग से क्षेत्र में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान को नई दिशा मिली है।
सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध कंपनी
हिन्दुस्तान जिंक की सीएसआर हेड रुचिका चावला ने कहा कि कंपनी समाज के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में भी समुदाय के साथ मिलकर सतत विकास और सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य जारी रखा जाएगा।
सीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ
हिन्दुस्तान जिंक स्मेल्टर देबारी द्वारा CSR के तहत आसपास के गांवों में चल रहे विकास कार्यों की श्रृंखला में गोवला पुटिया में सीसी सड़क निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया गया।
ग्रामीणों ने सीसी सड़क निर्माण कार्य के लिए हिन्दुस्तान जिंक और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व सरपंच बाबू सिंह देवड़ा, महेंद्र सिंह राणावत, चुन्नीलाल डांगी, नारायण लाल गायरी, कैलाश डांगी, हीरालाल मेघवाल, मेघराज, सीएसआर विभाग की अर्पणा व्यास सहित अन्य कर्मचारी और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
(इंडिया सीएसआर हिंदी)
Also Read: Hindustan Zinc’s CSR Initiatives Transforming Villages: MLA Pushkar Dangi I India CSR
